मुरादाबाद। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर मुरादाबाद नगर निगम ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। नगर निगम के मेयर विनोद अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे श्रावण मास के दौरान शहर से गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मेयर ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले कांवड़ियों के साथ-साथ हरिद्वार से कांठ रोड के रास्ते मुरादाबाद पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम विशेष व्यवस्था कर रहा है। कांवड़ मार्गों की नियमित सफाई, कूड़ा उठान और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष सफाई टीमों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे यात्रा के दौरान उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मेयर विनोद अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन और नगर निगम का सहयोग करें तथा स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सहभागिता निभाएं, ताकि शिवभक्तों की यात्रा शांतिपूर्ण और सुगम ढंग से संपन्न हो सके@शांतनु/INN
