मुरादाबाद। कांठ रोड स्थित नई तहसील के समीप वासुदेव कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान दोबारा खुलने की सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) के उपाध्यक्ष का बड़ा बयान सामने आया है। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वासुदेव कॉम्प्लेक्स में स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान संचालित करने की कोई अनुमति नहीं दी गई है।
यह बयान ऐसे समय आया है, जब बुधवार से सोशल मीडिया पर एक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें 24 जुलाई से संस्थान के पुनः संचालन का दावा किया जा रहा है। इस दावे के बाद शहरभर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
इससे पहले ईशान न्यूज नेटवर्क ने मामले में क्षेत्रीय अवर अभियंता मृत्युंजय से जानकारी ली थी। उन्होंने भी स्पष्ट कहा था कि उनके पास संस्थान को दोबारा संचालित करने संबंधी कोई आदेश उपलब्ध नहीं है और उन्हें ऐसी किसी स्वीकृति की जानकारी भी नहीं है।
अब उपाध्यक्ष के स्पष्ट बयान ने स्थिति और साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से वासुदेव कॉम्प्लेक्स में स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान चलाने की कोई अनुमति जारी नहीं की गई है।
गौरतलब है कि लगभग एक माह पूर्व मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने वासुदेव कॉम्प्लेक्स में संचालित स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान को इस आधार पर सील किया था कि संबंधित परिसर स्वीकृत मानचित्र के अनुसार कपड़ा शोरूम के लिए अनुमोदित है, जबकि वहां कोचिंग संस्थान संचालित किया जा रहा था।
ऐसे में अब सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि यदि प्राधिकरण की ओर से कोई अनुमति जारी नहीं की गई और क्षेत्रीय अधिकारी के पास भी कोई आदेश उपलब्ध नहीं है, तो 24 जुलाई से संस्थान खुलने की चर्चाएं किस आधार पर फैल रही हैं?
उपाध्यक्ष के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि प्राधिकरण ने संस्थान के संचालन की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में यदि इसके बावजूद संस्थान का संचालन होता है, तो यह मामला एक बार फिर प्रशासनिक और कानूनी विवाद का विषय बन सकता है@शांतनु/INN
