कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पुलिस की कथित बर्बरता के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर जारी कर शुक्रवार, 24 जुलाई को देश के सभी जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने का आह्वान किया है।
पार्टी का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता प्रकट करना और उनकी आवाज़ को मजबूती देना है। जारी पोस्टर में “Every District. One Day. One Demand” का संदेश देते हुए छात्र संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से इस विरोध कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
CJP ने प्रदर्शन के आयोजकों से स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने और सभी व्यवस्थाओं का समन्वय करने को भी कहा है। पार्टी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा और पुलिस बर्बरता के कथित पीड़ितों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की जाएगी।
इसके साथ ही पार्टी ने बताया कि प्रदर्शन को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), ज्ञापन का प्रारूप और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। सोशल मीडिया पर इस घोषणा के बाद विभिन्न राज्यों और जिलों में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन होने की संभावना जताई जा रही है।
