अमरोहा। एकल परिवारों के इस दौर में सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश करते हुए प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. बी.एस. जिंदल व श्रीमती कमलेश जिंदल ट्रस्ट तथा पूर्व सभासद मुकेश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में एक निर्धन कन्या का वैदिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराकर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया गया।

वैवाहिक कार्यक्रम से पूर्व डॉ. जिंदल व मुकेश शर्मा गंगा खादर क्षेत्र के गांव शेरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय मूलचंद निषाद की पत्नी भाग्यवती देवी को बहन मानकर भात पहनाया तथा उनकी बेटी चंचल को आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात गुरुवार को महादेव सरोवर के निकट रामलीला मैदान के सामने स्थित प्राचीन देवी मंदिर प्रांगण में आयुषमति चंचल का विवाह आगरा जिले के ग्राम गट्टपुरा (डाकघर गुबरौठा, तहसील फतेहाबाद) निवासी दिनेश निषाद के पुत्र दीपक निषाद के साथ संपन्न हुआ। सुबह आठ बजे धनौरा पहुंची बारात का गणमान्य जनों ने आत्मीय स्वागत किया। पूजन-अर्चन के बाद आचार्यों ने कन्यादान, पाणिग्रहण, सप्तपदी व सिंदूरदान की रस्में विधिवत संपन्न कराईं और वर-वधू ने सात फेरे लिए।

उल्लेखनीय है कि डॉ. बी.एस. जिंदल व श्रीमती कमलेश जिंदल ट्रस्ट द्वारा कोरोना काल में सहायता, धार्मिक स्थलों में लंगर सेवा, अंतिम यात्रा वाहन, गौशालाओं को सहयोग और निर्धन कन्याओं की शिक्षा जैसे अनेक सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक राजीव तरारा ने समाजसेवियों की इस प्रेरणादायक पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए वर-वधू को आशीर्वाद दिया। डॉ. जिंदल ने कहा कि बेटी पूरे समाज की जिम्मेदारी होती है और सक्षम लोगों को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। मुकेश शर्मा ने कहा कि निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना अत्यंत पुण्य का कार्य है। विवाह के उपरांत नवदंपति को गृहस्थी का आवश्यक सामान व उपहार भेंट कर विदा किया गया।

समारोह में सरदार गुरुशरण सिंह, सरदार निर्मल सिंह चांदरा फार्म्स, ग्राम प्रधान शेरपुर सतेंद्र यादव, डॉ. नरेश दत्त, कपिल शर्मा, अधिवक्ता सर्वेश शर्मा, अधिवक्ता राजीव त्रिवेदी, वीरेंद्र गोला एडवोकेट, लवी चौधरी, यशवीर चौधरी, डॉ. नवाब सैफी, विजय रस्तोगी, राजू ज्वैलर्स, रुपक एम्पोरियम, हरिओम त्रिवेदी, ब्राह्मण सभा के नगर अध्यक्ष राजीव दीक्षित, डॉ. यतींद्र कटारिया ‘विद्यालंकार’, डॉ. चंद्रपाल सैनी, डॉ. सुमन देव कौशिक, डॉ. योगेन्द्र गौड़, भाजपा के जिला मंत्री राजीव अग्रवाल, अग्रवाल सभा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल (खल वाले), गुलाब राय, सुबोध देवरा, अतुल त्यागी, अरविंद अम्हेड़ा, ग्राम प्रधान महकपाल गुर्जर, कैलाश गुर्जर, ऋषिपाल सिंह नन्हैड़ा अहल्यियारपुर, सत्यवीर सिंह त्यागी चुचैला कलां, विशाल लदावली, अनिल गोला सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
