मुरादाबाद। जिलाधिकारी डा. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में कांवड यात्रा को शान्तिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में बैठक आहूत की गयी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आगामी कांवड यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने एनएचएआई व लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि कांवड यात्रा के समय किसी भी रोड पर जलभराव की स्थिति न हो, इसको संबंधित विभाग भलिभांति समझ लें। उन्होंने विद्युत को निर्देश दिए कि पोलों पर पाॅलीथीन लगाने का कार्य समय से सुनिश्चित कर लिया जाये तथा सभी ट्रांसफार्मरों की बेरीकेडिट भी करा ली जाये और विद्युत पोलों पर रेफ्लेक्टरों को भी लगवा दिए जाने तथा सभी लटकते, झूलते विद्युत तारों को समय से दुरस्त कर लिए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हों, कांवड यात्रा से पूर्व सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित कर लें कि समस्त व्यवस्थाएं चाक चौबंध हो जायें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कांवड़ मार्ग का संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं अधिशासी अधिकारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करें तथा शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्थापित होने वाले शिविरों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड यात्रा के सोमवार के अवसर पर कांवड यात्रा के परिप्रेक्ष्य में भारी संख्या में श्रृद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक करने हेतु सड़क मार्ग से दिवस व रात्रि में आवागमन किया जायेगा, कांवड यात्रियों के भारी संख्या में राष्ट्रीय राजमार्ग/राजकीय राजमार्ग से आवागमन के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारु रुप से सम्पन्न कराने के संबंध में लोक निर्माण विभाग नेशनल हाईवे अथारिटी, ब्रिज कारपोरेशन तथा नगर निगम को विभिन्न प्वाइंटो के संबंध में अवगत कराया ताकि कांवड यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरस्त हो सकें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी प्रमुख मार्गों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है तथा अस्थायी पुलिस चैकियां स्थापित की जाएंगी। अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और प्रत्येक स्तर पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सचिव एमडीए पंकज वर्मा, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी सिटी रणविजय सिंह, सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
