मुरादाबाद। जिलाधिकारी डाॅ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नशामुक्त भारत अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबन्धित मादक पदार्थो का बिक्रय एवं सेवन न हो सके इसके लिए आबकारी विभाग एवं डिस्ट्रिक्ट कंसलटेंट, नेशनल टोबेको कंट्रोल प्रोग्राम विभाग के साथ मिलकर स्कूल, कालेज के पास व अन्य स्थानों पर सघन जांच, निरीक्षण एवं आकस्मिक चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान मार्च 2026 में अवैध मादक पदार्थो की बिक्री करने वाले अपराधियों के विरुद्ध 13 अभियोग पंजीकृत कर कुल 14 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टीएमयू, आईएफटीएम, विश्वविद्यालयों के पास, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन के आस-पास अभियान चलाये और एलआईयू से इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर मादक पदार्थो की तस्करी एवं अवैध अवैध मादक पदार्थो के संबंध में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग के क्षेत्रीय निरीक्षक, सामाजिक/अध्यात्मिक संस्था परिवर्तन द चेंज को नशामुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत जन जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन निरन्तर करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बैठक में बताया गया कि कोटपा अधिनियम 2003 के तहत पिछले वर्ष अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक स्कूलों के आस-पास तम्बाकू पदार्थ बेंचने वाले एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूूम्रपान करने वाले 441 लोगों पर जुर्माना लगाया गया। चलित वर्ष माह अप्रैल 2026 से जून 2026 तक स्कूलों के आस-पास तम्बाकू पदार्थ बेचने वाले एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले 423 लोगों पर जुर्माना लगाया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिगरेट एवं तम्बाकू पर लगाये जाने वाले जुर्माने का वार्षिक लक्ष्य को मासिक में परिवर्तित कर लक्ष्य पूर्ण किया जाये। धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाये। प्रत्येक विभाग में इस कार्य हेतु नोडल अधिकारी नामित किए जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सभी नशामुक्ति केन्द्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा जाये। सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरा लगा हों इसको सुनिश्चित किया जाये। नगर क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र में कितने मेडिकल हैं इसका भी डाटा एकत्र किया जाये। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में प्रत्येक अन्तिम शनिवार को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाये।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित जीएसटी विभाग, औषधि विभाग, मद्यनिषेध विभाग, चिकित्सा विभाग तथा एनजीओ के संस्थापक उपस्थित रहें@जफर/INN
