मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी तथा अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान एसएसपी सतपाल अंतिल ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
एसएसपी ने विशेष रूप से जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर ही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, जिससे फरियादियों को बार-बार पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। जिन मामलों का समाधान थाने के स्तर पर संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्रवाई की प्रगति से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है तथा मुरादाबाद पुलिस जनता की शिकायतों के प्रति पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है@शांतनु/INN
