राजधानी में CJP के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी की जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाते हुए न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया है। अब इस स्टेशन पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहेगी।
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यहां से किसी भी मेट्रो लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा भी फिलहाल निलंबित रहेगी। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए निगम ने खेद जताया है।
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे DMRC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया था। उस समय राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई थी, लेकिन अब न्यू दिल्ली स्टेशन को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।
राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, जबकि पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं।
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी जरूर जांच लें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
