दिल्ली में E20 पेट्रोल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह रोड पर रोक दिया। इसके बाद AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
केजरीवाल के साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी मार्च में मौजूद हैं। केजरीवाल का दावा है कि उनके साथ E20 पेट्रोल से प्रभावित लोगों की करीब 2 लाख से ज्यादा याचिकाएं हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 100 ऐसे लोग भी मार्च में शामिल हैं, जिनकी गाड़ियों में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद खराबी आई है।
केजरीवाल ने केंद्र सरकार से E20 पेट्रोल को लेकर दो प्रमुख मांगें रखी हैं। उनका कहना है कि या तो E20 पेट्रोल को वापस लिया जाए या इसकी कीमत 85 रुपये प्रति लीटर तय की जाए। साथ ही उन्होंने वाहन मालिकों को अपनी पसंद के अनुसार सामान्य पेट्रोल या इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल चुनने का विकल्प देने की मांग की है।
मार्च को लेकर पहले से जताई गई थी आपत्ति
केजरीवाल के प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस को कई वकीलों की ओर से एक प्रतिनिधित्व भी सौंपा गया था। इसमें प्रधानमंत्री आवास जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चिंताएं जाहिर की गई थीं।
प्रतिनिधित्व में 21 जुलाई की उस घटना का भी उल्लेख किया गया, जब प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्षी सांसदों की ओर से प्रदर्शन किया गया था। वकीलों ने हाई-सिक्योरिटी क्षेत्रों में प्रदर्शन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश तय करने की मांग भी उठाई थी।
बीजेपी ने केजरीवाल पर साधा निशाना
वहीं, बीजेपी ने केजरीवाल के मार्च को लेकर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर राजनीतिक टकराव पैदा करना चाहते हैं।
बीजेपी नेता ने इसे राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के बीच कथित ‘अराजकता की राजनीति’ से जोड़ते हुए कहा कि पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद केजरीवाल सरकार पर बातचीत से इनकार करने का आरोप लगाकर विक्टिम कार्ड खेल सकते हैं।
फिलहाल फिरोजशाह रोड पर AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है और पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
