छिंदवाड़ा में 9 बच्चों की मौत के बाद मध्य प्रदेश में ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप पर बैन लगा दिया गया है. प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस संबंध में बयान जारी किया है.

CM यादव ने ‘X’ पर लिखा, ”छिंदवाड़ा में ‘कोल्ड्रिफ’ सिरप के कारण हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद है. इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन कर दिया है. सिरप को बनाने वाली कंपनी के अन्य प्रोडक्ट की बिक्री पर भी बैन लगाया जा रहा है.
सिरप बनाने वाली फैक्ट्री कांचीपुरम में है, इसलिए घटना के संज्ञान में आने के बाद राज्य सरकार ने तमिलनाडु सरकार को जांच के लिए कहा था. आज सुबह जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई. रिपोर्ट के आधार पर कड़ा एक्शन लिया गया है.
बच्चों की दुखद मृत्यु के बाद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई चल रही थी. राज्य स्तर पर भी इस मामले में जांच के लिए टीम बनाई गई है. दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.”
स्थानीय स्तर पर छिंदवाड़ा प्रशासन ने पहले ही Coldrif और Nextro-DS सिरप पर जिला-व्यापी प्रतिबंध लगा दिया था. अब राज्य स्तर पर विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो सिरप के वितरण, आपूर्ति चेन और चिकित्सकों की भूमिका की गहन जांच करेगी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है, जो सैंपल जांच में सहयोग कर रही है.
बता दें कि छिंदवाड़ा के परासिया क्षेत्र में वायरल फीवर के इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टरों के सुझाए गए इस सिरप के सेवन के बाद बच्चों की हालत बिगड़ने लगी. वे छिंदवाड़ा और नागपुर के अस्पतालों में भर्ती हुए, लेकिन कई को बचाया नहीं जा सका.
