मुरादाबाद। थाना सोनकपुर क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संभल जनपद के थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव सिसौना तारापुर निवासी चमन के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि चमन अपने ही गांव की एक युवती को लेकर करीब एक सप्ताह पहले घर से फरार हो गया था। परिजनों के अनुसार कुछ समय बाद वह युवती को लेकर वापस गांव पहुंचा और दोबारा कहीं जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने लड़की को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि चमन वहां से मोटरसाइकिल लेकर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक चमन इन दिनों मुरादाबाद के थाना सोनकपुर क्षेत्र स्थित मिलक गांव में अपनी बुआ के घर रह रहा था। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के पास एक गेहूं के खाली खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

घटना की सूचना पर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी तथा एसपी ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
