मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद में एक अनोखी बारात के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में दूल्हा अपने दोस्तों के साथ बुल्डोजर पर सवार दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, एक वीडियो में दूल्हा बुल्डोजर पर बैठकर सिगरेट के छल्ले उड़ाता नजर आ रहा है, जबकि अन्य वीडियो में बाराती बुल्डोजर पर चढ़कर डांस और हुड़दंग करते दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह शादी उस्मान नामक युवक की है और वायरल वीडियो मुरादाबाद के थाना छजलैट क्षेत्र के गांव उमरी कला के बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कई यूजर्स द्वारा इन वीडियो को पोस्ट किया गया है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

वायरल फुटेज में एक-दो नहीं बल्कि एक दर्जन से अधिक लोग बुल्डोजर पर सवार होकर नाचते और मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह भारी मशीनरी पर चढ़कर स्टंट और हुड़दंग करना न केवल यातायात नियमों की अनदेखी है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डालने जैसा है।

बुल्डोजर पर बारात निकालने और उस पर सामूहिक डांस करने के दृश्य लोगों के बीच कौतूहल का विषय बने हुए हैं। वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद कई लोग इसे दिखावा और लापरवाही बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे अनोखी बारात कहकर साझा कर रहे हैं।

हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं और क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो इस तरह सार्वजनिक मार्ग पर भारी मशीनरी का इस्तेमाल कर हुड़दंग करने के मामले में प्रशासन और पुलिस भी संज्ञान ले सकती है।
