मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला स्तरीय राजस्व पुस्तकालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय में संरक्षित पुराने एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया तथा उनकी ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक उपयोगिता के संबंध में राजस्व अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व पुस्तकालय में लगभग 150 वर्ष से अधिक पुराने महत्वपूर्ण अभिलेखीय रिकॉर्ड सुरक्षित हैं। इन अभिलेखों में तत्कालीन राजस्व व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, भूमि अभिलेखों के विकासक्रम तथा शासन-प्रशासन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां संरक्षित हैं, जो वर्तमान राजस्व प्रशासन के लिए भी अत्यंत उपयोगी एवं संदर्भ सामग्री का कार्य करती हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन बहुमूल्य अभिलेखों के दीर्घकालीन संरक्षण एवं सुगम उपयोग के उद्देश्य से पुस्तकालय का सौंदर्यीकरण एवं समस्त अभिलेखों का चरणबद्ध डिजिटलीकरण कराया जाएगा। इससे ऐतिहासिक दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर उनका त्वरित एवं सुविधाजनक उपयोग किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में अध्ययन एवं संदर्भ कार्य के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि इसमें बैठकर राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी राजस्व कानूनों, नियमों, ऐतिहासिक अभिलेखों तथा राजस्व प्रशासन की बारीकियों का अध्ययन कर सकेंगे, जिससे उनके कार्यों की गुणवत्ता एवं दक्षता में और अधिक वृद्धि होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व अभिलेख केवल प्रशासनिक दस्तावेज नहीं, बल्कि जनपद की ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक विरासत भी हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन एवं डिजिटलीकरण भविष्य की पीढ़ियों तथा प्रशासनिक व्यवस्था के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है@जफर/INN
