मुरादाबाद। विकास भवन सभागार में दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं की नस्ल सुधार, वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन तथा विभागीय योजनाओं के माध्यम से आय में वृद्धि के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अपर निदेशक, पशुपालन विभाग मुरादाबाद मंडल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कॉन्क्लेव में उपस्थित पशुपालकों को नंद बाबा मिशन योजना, मुख्यमंत्री दुग्ध प्रोत्साहन योजना सहित पशुपालन एवं दुग्ध विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं की नस्ल सुधार एवं वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन के संबंध में उपयोगी जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर पशुपालक अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना 2026-27 के अंतर्गत चयनित 28 लाभार्थियों (14 पुरुष एवं 14 महिला) को चयन पत्र/अनुमोदन पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही बड़ी संख्या में पशुपालक किसानों ने प्रतिभाग कर विभागीय योजनाओं एवं वैज्ञानिक पशुपालन से संबंधित जानकारियां प्राप्त की@शांतनु/INN
