मुरादाबाद शहर में विद्यालयों के आसपास तंबाकू एवं नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी (नगर) ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला मद्य निषेध अधिकारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ पीली कोठी क्षेत्र स्थित विभिन्न विद्यालयों के आसपास संचालित दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, आर्यन इंटर कॉलेज, मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज, पीएमएस स्कूल, बोनी एनी पब्लिक स्कूल, केसीएम स्कूल, केजी पब्लिक स्कूल तथा न्यू ज्ञान स्कूल के आसपास स्थित दुकानों की जांच की गई। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में गुटखा, पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशे से संबंधित सामग्री बरामद की गई।

निरीक्षण में लगभग 40 दुकानों पर विद्यालयों के निकट गुटखा, पान, बीड़ी, सिगरेट आदि की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को तत्काल प्रभाव से विद्यालयों के आसपास नशे से संबंधित समस्त सामग्री हटाने के कड़े निर्देश दिए गए तथा भविष्य में ऐसी सामग्री की बिक्री न करने की चेतावनी भी दी गई।
अपर जिलाधिकारी (नगर) ने बताया कि जनपद के समस्त विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विद्यालय से 500 मीटर की परिधि के भीतर संचालित दुकानों का निरीक्षण कर नशे से संबंधित पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों को चिन्हित करें। ऐसे मामलों की सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराते हुए नशीले पदार्थों की बिक्री प्रतिबंधित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों के आसपास तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यार्थियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित शैक्षिक वातावरण को बनाए रखने के लिए इस प्रकार के संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
