मुरादाबाद, 5 अगस्त। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में थाना भोजपुर परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग एवं डिब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर तैनात सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीओ ने यात्रा मार्गों पर निरंतर गश्त, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, जिससे पुलिस की सकारात्मक छवि बनी रहे और यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि पर तत्काल नजर रखें और सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई करें। आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए।

ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी प्वाइंट, वायरलेस संचार व्यवस्था, रात्रिकालीन गश्त, बैरियर व्यवस्था तथा आपसी समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह या शरारती तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पुलिसकर्मी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे@जफर/INN
