पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हेलिकॉप्टर को खराब मौसम के चलते ईस्ट मिदनापुर के कोलाघाट में एहतियातन उतारना पड़ा। मुख्यमंत्री कोलकाता से वेस्ट मिदनापुर के केशपुर जा रहे थे, जहां उन्हें खुदीराम बोस के बलिदान दिवस से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होना था।
जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान मौसम खराब होने के साथ दृश्यता भी कम हो गई थी। ऐसे हालात में पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हेलिकॉप्टर की उड़ान आगे जारी रखने के बजाय कोलाघाट में इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया।
हेलिकॉप्टर को कोलाघाट थर्मल पावर स्टेशन के पास स्थित एक खाली मैदान में सुरक्षित उतारा गया। लैंडिंग की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए हलचल बढ़ गई।
हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सड़क मार्ग से अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी तरह के नुकसान या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
खराब मौसम को देखते हुए हेलिकॉप्टर की आगे की उड़ान को लेकर स्थिति का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल मुख्यमंत्री की यात्रा सड़क मार्ग से ही जारी है।
