स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा को लेकर हलचल बढ़ गई है। दिल्ली हाई कोर्ट समेत छह अलग-अलग स्थानों पर बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसके बाद बम निरोधक दस्तों ने परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जिन अन्य स्थानों को धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है, उनमें जामनगर हाउस, झंडेवालान की फ्लैटेड बिल्डिंग, एमबी साकेत स्थित डीएम कार्यालय, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट का एसडीएम कार्यालय शामिल हैं।
सूचना मिलते ही संबंधित इलाकों में सुरक्षा टीमें और दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं। सभी स्थानों पर जांच और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी जगह से संदिग्ध वस्तु बरामद होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
दिल्ली हाई कोर्ट को मिले धमकी भरे ई-मेल के बाद रजिस्ट्रार जनरल ने पुलिस से संपर्क किया है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत हाई कोर्ट परिसर की गहन जांच की जा रही है।
15 अगस्त को लेकर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और महत्वपूर्ण मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले से देश को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की आशंका को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही हैं।
