मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम बहापुर बलिया में तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद गांव में तनाव और आक्रोश के बीच पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को सुना। महिला की मौत से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तेंदुए के आतंक को लेकर अपनी चिंता अधिकारियों के सामने रखी।

एसपी ग्रामीण ने ग्रामीणों को समझाते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून हाथ में न लें और अफवाहों पर ध्यान न दें। तेंदुए की गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया।

मौके पर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। एसपी ग्रामीण ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला की मौत के बाद गांव में ग्रामीणों की भीड़ जुटने और आक्रोश की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को भी सतर्क किया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

तेंदुए के हमले में महिला की मौत ने ठाकुरद्वारा क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए के आतंक को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तेंदुए दिखाई देने और हमलों की घटनाओं से खेतों में काम करने वाले लोगों में भय व्याप्त है। ऐसे में ग्रामीण तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं@जफर/INN
