गॉल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को पहले टेस्ट में 165 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। गॉल में खेला गया यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिए इसलिए भी खास रहा, क्योंकि यह टीम इंडिया का 600वां टेस्ट था।
भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में श्रीलंकाई टीम 206 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने करीब 9 साल बाद गॉल के मैदान पर टेस्ट मैच जीतने में कामयाबी हासिल की है। इससे पहले भारत ने यहां 2017 में जीत दर्ज की थी।
15 अगस्त से शुरू हुए टेस्ट में पहली जीत
गॉल टेस्ट भारतीय टीम के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक रहा। यह भारत के क्रिकेट इतिहास का दूसरा टेस्ट मैच था, जिसकी शुरुआत 15 अगस्त को हुई। इससे पहले 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ 15 अगस्त से टेस्ट मैच शुरू हुआ था, जिसमें भारत को पारी और 244 रन से करारी हार मिली थी।
अब 15 अगस्त से शुरू हुए टेस्ट में भारत ने पहली बार जीत दर्ज की है। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में मिली यह जीत इस लिहाज से भी टीम इंडिया के लिए यादगार बन गई है।
