बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। अप्रैल 2026 में आयोजित BPSC की AEDO परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में EOU ने बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को पटना से गिरफ्तार किया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, अतुल राज कथित सॉल्वर गैंग के संपर्क में था और परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश का हिस्सा था। वह कंकड़बाग के रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक ऑपरेटर के तौर पर तैनात था। आरोप है कि इसी दौरान परीक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश की गई।
जांच के दौरान अतुल की सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल से परीक्षा से संबंधित कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले। वहीं, परीक्षा केंद्र से अतुल का मोबाइल भी जब्त किया गया था। इन सबूतों की पड़ताल के बाद EOU को उसकी भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
मामला उस वक्त सामने आया था जब पटना के एएन कॉलेज परीक्षा भवन में परीक्षार्थी रोशन कुमार को बायोमीट्रिक कर्मी अंशुप्रिया के जरिए उत्तर पुर्जा दिए जाने के आरोप में पकड़ा गया था। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा और अतुल राज पांडेय की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई।
EOU के अनुसार, अतुल ने अप्रैल में आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी और सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी यानी AEDO परीक्षा के दौरान कई परीक्षा केंद्रों को प्रभावित करने की कथित योजना बनाई थी। गड़बड़ी सामने आने के बाद BPSC ने दोनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया था।
पूछताछ में अतुल ने कथित सॉल्वर नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। EOU अब इन नामों की पुष्टि कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा केंद्रों तक इस नेटवर्क की पहुंच कैसे बनी और इसमें कितने लोग शामिल थे।
जांच में यह भी पता चला है कि अतुल पहले कई जैमर और बायोमीट्रिक कंपनियों के साथ अलग-अलग परीक्षाओं में काम कर चुका है। वह इन कंपनियों के लिए मानवबल भी उपलब्ध कराता था। अब जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि उसके पुराने अनुभव का इस्तेमाल परीक्षा केंद्रों और बायोमीट्रिक व्यवस्था तक पहुंच बनाने में किया गया था या नहीं।
इस मामले में 23 अप्रैल 2026 को श्रीकृष्णापुरी थाने में लोक स्वच्छता पदाधिकारी परीक्षा में कथित कदाचार को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद EOU ने जांच अपने हाथ में लेते हुए मामले के अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल शुरू की।
गिरफ्तारी के बाद अतुल राज पांडेय को बुधवार देर रात बेऊर जेल भेज दिया गया। EOU अब कथित सॉल्वर गैंग के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
