मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा वर्ष 2026 के मद्देनजर यातायात पुलिस ने शहर क्षेत्र में 22 और 23 अगस्त को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात संचालन के लिए ऑटो, ई-ऑटो, ई-रिक्शा और पिकअप लोडर के संचालन पर विभिन्न मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार फव्वारा चौराहा से अगवानपुर तक, रेलवे स्टेशन रोड तथा फव्वारा चौराहा से जीरो प्वाइंट पाकबड़ा तक ऑटो, ई-ऑटो और ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
इसके अलावा 23 अगस्त को सुबह 10 बजे से फव्वारा चौराहा से पाकबड़ा जीरो प्वाइंट तक कांवड़ श्रद्धालुओं को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी।
शहर में नहीं आएंगे पिकअप लोडर
यातायात पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त से 23 अगस्त तक पिकअप लोडर को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वाहन चालकों से डायवर्जन प्लान के अनुसार निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
दिल्ली, मेरठ, बरेली और लखनऊ जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस ने दिल्ली, मेरठ, बरेली और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन चालकों से गागन तिराहा से मैनाठेर, सिरसी, संभल, गंवा रोड होते हुए खिरनी कट से गंगा एक्सप्रेसवे के डायवर्जन रूट का प्रयोग करने की अपील की है।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों और यातायात के दबाव के अनुसार डायवर्जन के समय में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकता है@शांतनु/INN
