कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे और जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर पुलिस से जांच की जानकारी मांगी। राहुल अपने साथ पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोहबच और उनके परिवार को भी लेकर पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट सीपी नूपुर प्रसाद से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस से बातचीत के बाद राहुल थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, वह वहां से नहीं हटेंगे।
धरने की जानकारी मिलते ही प्रियंका गांधी वाड्रा, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता संसद मार्ग थाने पहुंच गए। थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई और RAF की तैनाती की गई।
राहुल गांधी ने दावा किया कि साहिल के शरीर में 200 से अधिक पैलेट के छर्रे हैं और उनकी आंख भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया, तो साहिल को छर्रे लगे कैसे। राहुल ने मामले में एफआईआर दर्ज करने और जांच अधिकारी की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
वहीं पुलिस की ओर से बताया गया है कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी भी गठित है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह विवाद जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है। कांग्रेस का आरोप है कि इसी दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था।
