मुरादाबाद। जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां बिलारी कोतवाली क्षेत्र की सहसपुर चौकी में तैनात एक सिपाही ने अपनी ही सरकारी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
किराए के कमरे में लहूलुहान मिला शव
मृतक सिपाही की पहचान 30 वर्षीय मोनू सांगवा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे। मोनू बिलारी के शाहू कुंज मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहते थे। मंगलवार देर शाम उन्होंने अपने कमरे में सरकारी रायफल की नाल को अपने सीने से सटाकर गोली चला दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस लहूलुहान हालत में सिपाही को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिलारी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ बिलारी के अनुसार, सिपाही द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मृतक सिपाही के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही सुसाइड की असल वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है@जफर/INN
