समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की. लंबे वक्त बाद हुई इस मुलाकात को सपा खेमे में बेहद अहम माना जा रहा है. मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, ‘मैं जेल में आज़म साहब से मिलने नहीं जा पाया था, लेकिन अब आया हूं. आजम खान हमारी पार्टी की धड़कन हैं. पुराने लोगों की बात ही अलग होती है.’
इस मुलाकात के बाद अखिलेश ने X पर फोटो शेयर कर लिखा, ‘क्या कहें भला उस मुलाकात की दास्तान जहां बस जज़्बातों ने खामोशी से बात की.’
मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा, ‘मैं पहले नहीं पहुंच पाया था, इसलिए आज उनके घर मिलने और हालचाल पूछने आया हूं. आजम खान बहुत पुराने नेता हैं और पुराने नेताओं की बात ही कुछ और होती है. वे हमारी पार्टी के दरख़्त हैं, जिनकी जितनी गहरी जड़ें हैं, उतना ही बड़ा साया हमारे साथ है.’
अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “बीजेपी पार्टी शायद गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना चाहती है कि आजम खान पर सबसे ज़्यादा केस दर्ज हों. आजम साहब, उनकी पत्नी और बेटे अब्दुल्ला पर झूठे केस लगाए गए हैं.’ इस मुलाकात को पार्टी में पुराने नेताओं की नाराजगी दूर करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. हाल के दिनों में आजम खान की चुप्पी और सपा नेतृत्व से उनकी दूरी के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे थे. अखिलेश की यह मुलाकात उस दूरी को पाटने की पहल मानी जा रही है.
