मुरादाबाद। मिशन शक्ति एवं महिला सुरक्षा को लेकर बुधवार को पुलिस विभाग ने महिला आरक्षियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने की। बैठक में वर्ष 2025 बैच की महिला आरक्षियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान महिला सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा पुलिसिंग में महिला आरक्षियों की प्रभावी भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने महिला आरक्षियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग, संवेदनशील और जिम्मेदार रहें। उन्होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों में पुलिस का व्यवहार बेहद संवेदनशील होना चाहिए और पीड़िता को हर संभव सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने महिला आरक्षियों से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाए। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में महिला आरक्षियों को महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंद महिलाओं तक पुलिस सहायता समय पर पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य महिला सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और सुदृढ़ करना है।@जफर/INN
