मुरादाबाद। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ अब लोगों को बिजली के खर्च से राहत देने के साथ ही सामाजिक बदलाव की नई राह भी दिखा रही है। मुरादाबाद की श्रीमती सरिता रानी इसका प्रेरक उदाहरण बनी हैं। घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर उन्होंने न केवल अपने परिवार के बिजली खर्च को कम किया, बल्कि इससे होने वाली बचत को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में लगाने की पहल भी शुरू की है।
स्थानीय निजी विद्यालय में प्रधानाचार्या के पद पर कार्यरत सरिता रानी ने उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) के मार्गदर्शन में अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया। योजना के तहत उन्हें 1.08 लाख रुपये की सरकारी सब्सिडी मिली, जिससे सोलर प्लांट लगाना उनके लिए अधिक आसान और किफायती हो गया।
सोलर सिस्टम लगने के बाद उनके परिवार के बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। इससे उन्हें हर महीने लगभग 4,000 से 4,500 रुपये तक की बचत हो रही है। सरिता रानी ने इस बचत को केवल अपने परिवार तक सीमित रखने के बजाय इसका लाभ आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया।
बिजली के बिल से बची रकम अब बच्चों की पढ़ाई पर
शिक्षा के क्षेत्र से लंबे समय से जुड़ी सरिता रानी का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण कई जरूरतमंद बच्चे किताबें, यूनिफॉर्म और स्कूल फीस जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा नहीं कर पाते। ऐसे बच्चों की मदद के लिए उन्होंने सौर ऊर्जा से होने वाली बचत का एक हिस्सा शिक्षा पर खर्च करना शुरू किया है।
इस राशि से जरूरतमंद विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकें और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के साथ ही शिक्षण शुल्क में भी सहयोग किया जा रहा है। इस तरह सौर ऊर्जा से मिलने वाला आर्थिक लाभ अब परिवार के साथ-साथ समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों के भविष्य को संवारने में भी काम आ रहा है।
स्कूल में भी सौर ऊर्जा के प्रति कर रहीं जागरूक
सरिता रानी अपने विद्यालय में भी सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाने का काम कर रही हैं। अभिभावक-शिक्षक बैठकों, प्रार्थना सभाओं और विद्यार्थियों के बीच वह सोलर ऊर्जा के फायदे बताती हैं और लोगों को इसे भविष्य के लिए उपयोगी निवेश के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
उनका संदेश है कि “सूर्य को अपने परिवार का कमाई करने वाला सदस्य बनाइए और सौर ऊर्जा से होने वाली बचत को बच्चों की बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य में लगाइए।”
सरिता रानी की पहल यह संदेश देती है कि पीएम सूर्य घर योजना केवल बिजली का खर्च घटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे होने वाली बचत को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी लाया जा सकता है@शांतनु/INN
