मुरादाबाद। जनपद में आबादी वाले क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में सक्रिय तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को एक और बड़ी सफलता मिली। ठाकुरद्वारा रेंज के ग्राम सैंजनी क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर एक तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया।

तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और निर्धारित रणनीति के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टीम की सतर्कता और प्रयासों के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी बरती, ताकि तेंदुए के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

वन विभाग के अनुसार, मुरादाबाद जनपद में पिछले कुछ समय से तेंदुओं की सक्रियता को देखते हुए विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी सामने आने के बाद विभाग की टीमें संवेदनशील इलाकों में निगरानी, गश्त और रेस्क्यू की कार्रवाई कर रही हैं।
सैंजनी क्षेत्र से तेंदुए के रेस्क्यू के साथ ही जनपद में अब तक कुल 13 तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। वन विभाग की ओर से अभियान को लगातार जारी रखा गया है और तेंदुओं की गतिविधियों वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई से उन ग्रामीण क्षेत्रों में राहत की उम्मीद जगी है, जहां तेंदुओं की आवाजाही के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। विभाग की टीमें स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की सलाह दे रही हैं।
वन विभाग का फोकस तेंदुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति को कम करना है। आने वाले दिनों में भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और रेस्क्यू अभियान जारी रहने की संभावना है@जफर/INN
