मुरादाबाद/भोजपुर। थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव अक्का शाहपुर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में एक युवक के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया।

बताया जा रहा है कि मकान अचानक गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
मलबे में युवक के दबे होने की आशंका को देखते हुए जेसीबी और रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। मलबा हटाने का काम तेजी से शुरू कराया गया है। बचाव दल मलबे को हटाकर उसके नीचे किसी व्यक्ति के दबे होने की संभावना की जांच कर रहा है। अधिकारियों की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखने का प्रयास किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
मुगलपुरा में भी गिर चुका है पुराना मकान
मुरादाबाद में पुराने और जर्जर मकानों को लेकर पहले भी गंभीर घटनाएं सामने आती रही हैं। इससे पहले मुगलपुरा कोतवाली क्षेत्र में भी एक तीन मंजिला पुराना मकान भरभराकर गिर गया था। उस घटना के बाद शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों को लेकर सवाल उठे थे।
अक्का शाहपुर में दो मंजिला मकान गिरने की घटना ने एक बार फिर पुराने और कमजोर भवनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में किसी व्यक्ति के दबे होने की आशंका के चलते चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर है।
फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा बचाव दल की कार्रवाई पर लगातार नजर रखी जा रही है। मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में कोई व्यक्ति दबा है या नहीं और घटना में कितना नुकसान हुआ है@जफर/INN
