मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव अक्का भीकमपुर में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जलभराव के चलते एक मकान अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के समय मकान के अंदर मौजूद 40 वर्षीय ओलेबा खातून पत्नी कासिम के मलबे में दबे होने की आशंका है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें जेसीबी व अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर महिला की तलाश में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मकान के चारों तरफ पानी भरा हुआ था। लगातार जलभराव के चलते मकान की दीवारें और भवन का ढांचा कमजोर हो गया था। गुरुवार सुबह अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया। महिला के मलबे में दबे होने की सूचना के बाद बचाव कार्य को और तेज कर दिया गया।

कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह तथा एसपी देहात भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है, ताकि महिला का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

हादसे के करीब साढ़े तीन घंटे बाद तक भी महिला का पता नहीं चल सका था। मलबे का बड़ा हिस्सा हटाया जा चुका है, लेकिन बचाव दल बेहद सावधानी के साथ तलाश अभियान चला रहा है। आशंका है कि मकान के मलबे के नीचे महिला किसी हिस्से में फंसी हो सकती हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा होने के कारण पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने में भी मशक्कत करनी पड़ रही है। ग्रामीण भी बचाव कार्य में पुलिस और प्रशासन की टीम का सहयोग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने का अभियान जारी है और सभी की निगाहें महिला के सुरक्षित बाहर निकलने पर टिकी हुई हैं@जफर/INN
