मुरादाबाद। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को टीएमयू के पास पाकबड़ा थाना क्षेत्र स्थित मुस्तफा मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद का दौरा किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मस्जिद को लेकर चल रही कार्रवाई के बहाने प्रदेश सरकार और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण पर तीखा हमला बोला।
अजय राय ने कहा कि मुस्तफा मस्जिद करीब 85 वर्ष पुरानी है। जिस समय इस मस्जिद का निर्माण हुआ था, उस समय मुरादाबाद विकास प्राधिकरण का अस्तित्व तक नहीं था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इतने पुराने धार्मिक स्थल से अब नक्शा और कागजात मांगकर लोगों को परेशान करने का क्या औचित्य है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण सरकार के इशारे पर कार्रवाई कर रहा है और लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी धार्मिक स्थल को लेकर कोई सवाल है तो उसका समाधान कानून और नियमों के तहत होना चाहिए, न कि उसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर लोगों के बीच तनाव पैदा किया जाए।
‘सरकार धार्मिक उन्माद पैदा कर अपना उल्लू सीधा करना चाहती है’
अजय राय ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार का काम विकास करने के बजाय धार्मिक उन्माद पैदा कर राजनीतिक लाभ उठाना रह गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सहारनपुर में प्राचीन मंदिर को लेकर कार्रवाई की गई और अब मुरादाबाद में मुस्तफा मस्जिद को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को लेकर इस तरह की कार्रवाई से माहौल खराब होने का खतरा रहता है और सरकार को संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी को दी चुनौती
अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी सीधा निशाना साधते हुए कहा कि यदि सरकार दूसरों से भवनों और धार्मिक स्थलों के नक्शे व दस्तावेज मांग रही है तो पहले मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास का नक्शा सार्वजनिक करें।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास बताने के लिए कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए धार्मिक मामलों को तूल दिया जा रहा है।
‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूती से लड़ेगी’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे मामलों में चुप नहीं बैठेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ सरकार की नीतियों का विरोध करेगी और किसी भी कीमत पर सरकार के मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी।

अजय राय के मुस्तफा मस्जिद पहुंचने के दौरान स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल रहा। उनके बयान के बाद मस्जिद को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस ने जहां इसे धार्मिक स्थल को लेकर अनावश्यक कार्रवाई करार दिया, वहीं पूरे मामले में अब प्रशासन और संबंधित विभाग की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है@शांतनु/INN
