दिल्ली में हो रहे BRICS Summit को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और BRICS जैसे सम्मेलन दुनिया के सामने देश की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद भारत ने अपनी वैश्विक पहचान को मजबूत किया है। उनके मुताबिक, आज भारत किसी दूसरे देश के पीछे चलने वाला राष्ट्र नहीं, बल्कि दुनिया के प्रमुख देशों के बीच अपनी मजबूत स्थिति बनाने वाला देश है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचना और G20 Summit की सफल मेजबानी करना देश की बढ़ती क्षमता को दिखाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सफर में लिए गए फैसलों और शुरू की गई योजनाओं का असर व्यापक स्तर पर देखने को मिला है।
एक महीने तक होंगे सेवा से जुड़े कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीएम योगी के मुताबिक, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम होंगे।
कोरोना काल का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने कोरोना महामारी के दौरान भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वैक्सीन के क्षेत्र में देश ने बेहद कम समय में बड़ी क्षमता दिखाई। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों तक मुफ्त राशन पहुंचाने के साथ बड़ी संख्या में शौचालय और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए।
पंकज चौधरी ने गिनाए केंद्र के बड़े फैसले
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी केंद्र सरकार के पिछले वर्षों के कामकाज का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र की योजनाओं को जमीन पर लागू करने के मामले में उत्तर प्रदेश ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को लेकर प्रदेश में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
