मुरादाबाद। जवाहर नवोदय विद्यालय, कालेवाला, ठाकुरद्वारा में शनिवार को अभिभावक शिक्षक परिषद के गठन हेतु आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद मुरादाबाद के सभी आठ विकासखंडों से आए कुल 222 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आमसभा का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य श्री अजय कुमार ने अभिभावक शिक्षक परिषद के महत्व, उद्देश्य एवं संरचना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार गौड़ ने अपने संबोधन में अभिभावकों का स्वागत करते हुए उनसे विद्यालय से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों से संबंधित विषयों के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों द्वारा दिए जाने वाले सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सकारात्मक सुझावों और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा विद्यार्थियों की प्रगति में सहभागी बनने का आग्रह किया।
आमसभा के दौरान अभिभावक शिक्षक परिषद के गठन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। अभिभावकों द्वारा परिषद के लिए कुल 15 सदस्यों का चुनाव किया गया। वहीं विद्यालय प्रशासन की ओर से शिक्षक सदस्यों के रूप में श्री अमरपाल, श्री सचिन नेगी, डॉ. बृजेश कुमारी, श्रीमती अंशु शर्मा एवं श्रीमती रिद्धि चावला को नामित किया गया।
यह निर्णय लिया गया कि अभिभावक शिक्षक परिषद की बैठक प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। इन बैठकों के माध्यम से विद्यालय की शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की प्रगति, उनकी आवश्यकताओं तथा अभिभावकों से प्राप्त सुझावों पर नियमित रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
अभिभावक शिक्षक परिषद के गठन की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉ. बृजेश कुमारी, श्री अमरपाल, सुश्री नेहा मिश्रा, श्री सचिन नेगी एवं श्री असलम ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया@जफर/INN
