मुरादाबाद। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के तत्वावधान में रविवार, 13 सितंबर को मुरादाबाद में विशाल ‘संविधान सम्मान महारैली’ का आयोजन किया जाएगा। पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में होने वाली इस महारैली में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा आरपीआई (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामदास आठवले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
महारैली का आयोजन रविवार दोपहर 12 बजे से मुरादाबाद की पावन धरती पर किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करते हुए डॉ. रामदास आठवले केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों की जानकारी देंगे।
शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों पर रहेगा जोर
आरपीआई (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘संविधान सम्मान महारैली’ का मुख्य उद्देश्य समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित और अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि संविधान में सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए गए हैं और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए समाज के कमजोर वर्गों को उनका अधिकार दिलाना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। महारैली के माध्यम से इसी संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पार्टी के कई पदाधिकारी रहेंगे मौजूद
पकार्यक्रम में आरपीआई के प्रदेश महासचिव एवं मंडल प्रभारी मुरादाबाद सलीम मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद सागर, प्रदेश उपाध्यक्ष बच्चन सिंह चौहान, प्रदेश सचिव तुनिर भटनागर, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद डॉ. जान लाल दिवाकर समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
आयोजकों ने बताया कि महारैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि महारैली 13 सितंबर 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। वहीं पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधियों को कार्यक्रम की कवरेज के लिए दोपहर 3 बजे जिगर मंच, पंचायत भवन, मुरादाबाद में आमंत्रित किया गया है@शांतनु/INN
