अमरोहा,12 सितंबर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ (सीएम युवा) योजना में अमरोहा जनपद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी प्रशासनिक तत्परता और कार्यकुशलता की धाक जमाई है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 11 सितंबर तक जारी आधिकारिक प्रगति रिपोर्ट में अमरोहा 34.44 प्रतिशत ऋण वितरण के साथ पूरे राज्य में चौथे पायदान पर पहुंच गया है। जिले ने सितंबर तिमाही के लिए निर्धारित 450 के सीमा-लक्ष्य को पीछे छोड़ते हुए 620 हुनरमंद युवाओं को सीधे ऋण वितरित कर 137.7 फीसदी की उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
स्वरोजगार और सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना को लेकर जिले के युवाओं में भारी उत्साह देखा गया है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के पोर्टल पर कुल 2,653 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए 2,411 आवेदन तुरंत विभिन्न बैंक शाखाओं को अग्रसारित किए गए। वित्तीय साख की जांच के बाद बैंकों ने 730 युवाओं (कुल लक्ष्य का 40.56%) के ऋण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की, जिनमें से 620 आवेदकों के खातों में ऋण राशि हस्तांतरित कर उनके व्यापार की नींव रख दी गई है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के उपायुक्त उद्योग अनूप तोमर ने शनिवार को बताया कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अमरोहा जिले को पूरे वित्तीय वर्ष के लिए 1,800 लाभार्थियों का कुल लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष सितंबर तिमाही तक 450 युवाओं को लाभान्वित करने की सीमा तय की गई थी। प्रशासनिक तत्परता, विभागीय टीमों के समर्पण और बैंकरों के सकारात्मक सहयोग से अमरोहा ने समय से पहले ही 620 युवाओं को ऋण वितरित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर आवेदनों की त्वरित स्क्रूटनी और बैंकों से निरंतर समन्वय का ही परिणाम है कि आज जिले के युवा तेजी से स्वदेशी उद्यमों की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
प्रदेश में मुरादाबाद मंडल का प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में दबदबा कायम रहा, जिसमें आजमगढ़ (46.79%) पहले, बलिया (44.32%) दूसरे और रामपुर (40.15%) तीसरे स्थान पर रहे। मुरादाबाद मंडल के रामपुर तथा अमरोहा जनपदों के शीर्ष चार में शामिल होने से पूरे मंडल का वर्चस्व कायम हुआ है। मंडल के अन्य जिलों में संभल (31.13%) 15वें, बिजनौर (29.71%) 24वें और मुरादाबाद (27.52%) 38वें स्थान पर हैं। वहीं प्रदेश के अन्य प्रमुख जिलों में चित्रकूट पांचवें, झांसी छठवें, फर्रुखाबाद सातवें, ललितपुर आठवें, बागपत नौवें तथा वाराणसी दसवें स्थान पर काबिज हैं।
आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि स्थानीय स्तर पर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर मजबूत औद्योगिक आधार तैयार करना लक्ष्य है@MP SINGH
