मुरादाबाद। जिले में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती दहशत के बीच वन विभाग को बुधवार को एक और सफलता मिली। बुधवार को तहसील कांठ क्षेत्र के ग्राम रामसराय भांकरी में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। वन विभाग के अनुसार यह जिले में अब तक सफल हुआ 15वां तेंदुआ ट्रैप है।
रामसराय भांकरी में तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए निर्धारित स्थान पर पिंजरा लगाया गया था। बुधवार को तेंदुआ पिंजरे में पहुंच गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित कब्जे में लिया।
तेंदुए के पिंजरे में कैद होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में भी हलचल मच गई। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग की ओर से तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पिंजरे से निकालने और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार उसके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रही तेंदुओं की पकड़
मुरादाबाद जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से तेंदुओं की गतिविधियां लगातार सामने आती रही हैं। इसके बाद वन विभाग द्वारा अलग-अलग स्थानों पर निगरानी, कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। रामसराय भांकरी में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान की 15वीं सफलता बताई जा रही है।
वन विभाग की टीमें उन क्षेत्रों में भी निगरानी कर रही हैं जहां तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिल रही है। विभाग द्वारा ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले खेतों या सुनसान क्षेत्रों में न जाने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे घेरने की कोशिश न करने की अपील की जाती रही है।
रामसराय भांकरी में तेंदुआ पकड़े जाने के बाद अब वन विभाग के सामने क्षेत्र में किसी अन्य तेंदुए की मौजूदगी की जांच और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती भी बनी हुई है। इसके लिए निगरानी अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है@जफर/INN
