मुरादाबाद। मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अनुसार विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, कृषि, पशुपालन, आईजीआरएस सहित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
48 घंटे के भीतर लाभ दिलाने वाली आशाओं को मिलेगा सम्मान
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि अगले मंडलीय समीक्षा बैठक में ऐसी चिन्हित आशाओं को सम्मानित किया जाए, जो धात्री महिलाओं को प्रसव के 48 घंटे के भीतर योजना का लाभ दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में समयबद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण के निर्देश
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बिजनौर, मुरादाबाद एवं संभल में डी श्रेणी के कारणों की जानकारी मंडलायुक्त ने संबंधित मुख्य विकास अधिकारियों एवं जिला समाज कल्याण अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमानुसार प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूर्ण करते हुए सामूहिक विवाह का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
ब्लैक स्पॉट्स पर सोलर स्ट्रीट लाइट को प्राथमिकता
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने मंडल में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कराने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन की विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।

फार्म रजिस्ट्री की प्रतिदिन हो समीक्षा
फार्म रजिस्ट्री की मंडलीय प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने संयुक्त निदेशक कृषि को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर लक्ष्य की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को वैकल्पिक फसलों के लिए किया जाए प्रोत्साहित
तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि स्थानीय कृषकों को गांव के आसपास गन्ने की खेती के स्थान पर अन्य वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए। गांव से दूर स्थित खेतों में गन्ने की खेती में ट्रेंचिंग विधि अपनाने के लिए किसानों को जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाए, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को कम किया जा सके।
स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दवाइयों एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य संसाधनों की नियमित उपलब्धता की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। मंडलायुक्त ने संबंधित जिलाधिकारियों को लापरवाही की स्थिति में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान संबद्ध अस्पतालों में मानकों का सत्यापन कराने के निर्देश
आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पतालों में निर्धारित मानकों के सत्यापन की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में मानकों का गंभीरता से सत्यापन कराया जाए। मानकों का पालन न करने की पुष्टि होने पर नियमानुसार संबद्धता समाप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत निजी अस्पतालों के मानकों की भी जांच के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही तैयार हो मध्यान्ह भोजन
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत कराए गए कार्यों एवं मध्यान्ह भोजन योजना की प्रगति की जानकारी एडी बेसिक से प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही भोजन तैयार कराया जाए तथा इसकी नियमित एवं सख्त मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को यथाशीघ्र प्रक्रिया पूर्ण कर अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जर्जर विद्यालय भवनों में किसी भी दशा में कक्षाओं का संचालन नहीं होना चाहिए। इसके लिए मंडल के सभी जिलों में सर्वे कराएं तथा जहां भी भवन जर्जर स्थिति में पाए जाएं, उन्हें तत्काल जर्जर घोषित करते हुए नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौशालाओं में गोवंश के लिए छायादार एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित हो
गौशालाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गौशाला में छायादार पेड़ लगाए जाएं, जिससे गोवंश को अनुकूल वातावरण मिल सके। साथ ही हरा चारा, भूसा एवं अन्य निर्धारित सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को समय-समय पर गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लम्पी डिजीज के दृष्टिगत पशुपालन विभाग के अधिकारियों को सतर्कता बरतने एवं आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता पर भी विशेष जोर
आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि कुछ प्रकरणों में समय पर आख्या अपलोड न किए जाने के कारण मामले डिफाल्टर श्रेणी में आ जाते हैं, जिससे जिले की रैंकिंग प्रभावित होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फीडबैक पर विशेष ध्यान देते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अधिकतर मामलों में अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौके पर जाकर आमजन की समस्या का समाधान करें। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि जनशिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में जिलाधिकारी बिजनौर श्रीमती जसजीत कौर, जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी संभल अंकित खंडेलवाल, जिलाधिकारी अमरोहा नितिन गौड़ सहित समस्त मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
