अमरोहा,15 सितंबर। धनौरा विधानसभा के खादर क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव से उत्पन्न संकट के बीच क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। खादर क्षेत्र के ग्राम बीसावली, मीरापुर एवं सुल्तानपुर पहुंचे विधायक ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच लगभग 700 राशन पैकेट का वितरण किया।
गौरतलब है कि बाढ़ के चलते किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक व रोजमर्रा की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पहुंचे विधायक राजीव तरारा ने ग्रामीणों व किसानों से सीधा संवाद कर बाढ़ से हुए नुकसान और गांवों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता के साथ खड़े हैं और किसी भी परिवार को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि फसलों के नुकसान का मुद्दा प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाकर समुचित मुआयजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने प्रशासनिक अफसरों को भी क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान राशन पैकेट मिलने पर ग्रामीणों ने राहत व्यक्त की। मौके पर तहसीलदार धनौरा, मुसराम थारू, पवन चौधरी, कृष्णा चौहान, दुष्यंत फौजी, निहार त्यागी, सागर, हरकिशन, कुलदीप, सुखदेव, नितिन चौधरी, अक्षय भारती, अमन अग्रवाल, अनिल भाटी, सूरज पाल, शंकर सिंह, काले, खचेडू, नन्हे, प्रताप व जोगिंदर सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे@MP SINGH/INN
