मुरादाबाद। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद मुरादाबाद में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (First Level Checking-FLC) 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगी।

एफएलसी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती संगीता गौतम ने जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर, कांठ रोड स्थित नवीन तहसील भवन के बगल, हिमगिरी रोड पर स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वेबकास्टिंग, आवश्यक रजिस्टर एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एफएलसी की पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रोटोकॉल एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जनपद में उपलब्ध 3,972 कंट्रोल यूनिट, 3,972 बैलेट यूनिट एवं 3,972 वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की जाएगी। यह प्रक्रिया बीएचईएल, बेंगलुरु के तकनीकी इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की देखरेख में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

एफएलसी के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यशीलता और तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
एफएलसी प्रक्रिया प्रतिदिन पूर्वाह्न 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक चलेगी। प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को एफएलसी के अवलोकन हेतु आमंत्रित किया गया है। अधिकृत प्रतिनिधि निर्धारित समय में उपस्थित रहकर एफएलसी प्रक्रिया का अवलोकन कर सकेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुसार संपन्न कराई जाए तथा प्रत्येक स्तर पर आवश्यक अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का समुचित संधारण सुनिश्चित किया जाए। एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से की जाएगी@शांतनु/INN
