मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं शिक्षकों को अभियान के उद्देश्य, कार्यक्रमों एवं कार्ययोजना की जानकारी देते हुए सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।

अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के कार्यों, उपलब्धियों और जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जनसामान्य तक पहुंचाने के साथ-साथ रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकहीं कहानियां’, ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान शिविर, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘बड़ नगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं से आमजन के जीवन में आए बदलावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए तथा स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं से कहा कि वे विद्यालयों एवं संबंधित क्षेत्रों में अभियान की गतिविधियों को रचनात्मक एवं प्रभावी तरीके से संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें। उन्होंने अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की बेहतर योजना, व्यापक जनसहभागिता और समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अमित सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी श्री आलोक शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रितु तोमर, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एआरपी, एसआरजी, पीएमश्री एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
