मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निपुण भारत अभियान के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पीएमश्री विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में संतृप्तीकरण के निर्धारित बिंदुओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में आरओ युक्त शुद्ध पेयजल, समरसेबल की शत-प्रतिशत उपलब्धता एवं संचालन सुनिश्चित कराने के साथ ही बाउंड्रीवाल निर्माण को मिशन मोड में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमश्री विद्यालयों तक जाने वाले पीएमश्री पथ को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने तथा प्रत्येक पथ पर संबंधित बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने को कहा। प्रत्येक कक्षा-कक्ष में पर्याप्त प्रकाश एवं पंखों की व्यवस्था करते हुए दो पंखे तथा दो ट्यूबलाइट/एलईडी बल्ब अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालयों में टाइल्स कार्य की गुणवत्ता सुधारने, बरामदों में सुरक्षा की दृष्टि से जाल लगवाने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर में सोलर पैनल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालयों के चारों ओर बनी नालियों को ढकने, झूले, पार्क एवं सौंदर्यीकरण की व्यवस्था कराने के लिए क्षेत्र पंचायत को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों की पैमाइश कराने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालय के आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि को नियमानुसार विद्यालय के उपयोग में लाने की कार्यवाही की जाए। पैमाइश से संबंधित नजरी नक्शा, खतौनी एवं अन्य अभिलेख विद्यालय में सुरक्षित रखे जाएं। सभी पीएमश्री विद्यालयों की पैमाइश एक सप्ताह में पूर्ण करने तथा समस्त विद्यालयों की पैमाइश संबंधी कार्यवाही एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विद्यालयों को अतिक्रमणमुक्त रखने, जर्जर विद्यालय भवनों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमानुसार ध्वस्त कराने, व्यापक वृक्षारोपण एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। ‘मेरा विद्यालय स्वच्छ विद्यालय’ अभियान के तहत विद्यालय परिसरों को पूर्णतः स्वच्छ एवं आकर्षक बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परिसर में कहीं भी अनावश्यक घास अथवा गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पीएमश्री विद्यालयों में खगोलीय प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएं। जिन विद्यालयों में प्रयोगशालाएं स्थापित हो चुकी हैं, उन्हें नियमित रूप से सक्रिय एवं विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही छतों तक जाने के लिए सुरक्षित सीढ़ियों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों में कराए जा रहे प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और विद्यालय भवनों का स्वरूप सुंदर, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाया जाए। यदि किसी विद्यालय में अपेक्षित कार्य नहीं कराया जा रहा है तो इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि निपुण भारत अभियान के अंतर्गत जनपद को प्रदेश के शीर्ष पांच जनपदों में अपना स्थान बनाए रखना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सक्रियता, बेहतर समन्वय एवं मिशन भावना के साथ कार्य करते हुए निपुण लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एआरपी, एसआरजी, पीएमश्री एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
