मुरादाबाद। पुलिस विभाग के लिपिक संवर्ग सीधी भर्ती-2023 के चयनित अभ्यर्थियों के लिए रविवार का दिन यादगार रहा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में मुरादाबाद स्थित पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

PTC मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों और पुलिस अधिकारियों ने लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह नजर आया। पुलिस विभाग के लिपिक संवर्ग में चयन के बाद अब अभ्यर्थी विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के प्रति सजग होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश भी दिया गया@शांतनु/INN
