मुरादाबाद। महिलाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिला स्वास्थ्य से जुड़े विषयों की समय पर पहचान, उचित परामर्श एवं उपचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाए गए प्रोजेक्ट वामिका की परियोजना पूर्णता बैठक रविवार को विलेज होटल, मुरादाबाद में आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मुरादाबाद ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटी (MoOGS) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में देश की प्रख्यात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा दिवाकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
परियोजना के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं तक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया। बैठक में परियोजना के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में भविष्य में किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
प्रोजेक्ट वामिका की समन्वयक डॉ. प्रेमलता श्रीधर एवं डॉ. प्रगति गुप्ता ने परियोजना के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों, कार्यों और उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना, समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच को बेहतर बनाना परियोजना के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल रहा।

Infertility में Antioxidants की भूमिका पर विशेषज्ञ व्याख्यान
कार्यक्रम के वैज्ञानिक सत्र में डॉ. रिचा अग्रवाल ने “Infertility में Antioxidants की भूमिका” विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने infertility management में oxidative stress की भूमिका तथा antioxidants के संभावित महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही इस क्षेत्र में सामने आ रही नवीन चिकित्सा अवधारणाओं और उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों की जानकारी भी साझा की।
मुख्य अतिथि डॉ. हेमा दिवाकर ने महिला एवं प्रजनन स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने प्रोजेक्ट वामिका के माध्यम से महिला स्वास्थ्य को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में MoOGS की अध्यक्ष डॉ. रितिका अग्रवाल, सचिव डॉ. सोनम रस्तोगी एवं कोषाध्यक्ष डॉ. रिचा अग्रवाल सहित डॉ. रेखा अग्रवाल, डॉ. बबीता गुप्ता, डॉ. प्रीति गुप्ता, डॉ. लीना चौहान, डॉ. दीपाली वर्मा, डॉ. नेहा चंद्रा समेत सोसाइटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के माध्यम से महिला स्वास्थ्य और प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर ज्ञान-विनिमय और विशेषज्ञों के अनुभव साझा करने की दिशा में आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई@मनोज गुप्ता/INN
