मुरादाबाद। शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और योगी सरकार की नीतियों का बचाव किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात जनता के बीच रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती उत्तर प्रदेश की राजनीति का अहम चेहरा रही हैं और चार बार मुख्यमंत्री भी रह चुकी हैं। मायावती ने मान्य काशीराम जी की पुण्यतिथि पर बड़ा आयोजन किया है, यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान सिर्फ विकास और सुशासन पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के 40 करोड़ जनता के विकास के लिए काम कर रही है। जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है और हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चल रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने रामपुर में अखिलेश यादव और आजम खान की मुलाकात पर सवाल पूछे जाने पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह समाजवादी पार्टी का आंतरिक मामला है।अखिलेश यादव और आजम खान के जो भी संबंध हैं, वह उनका व्यक्तिगत और राजनीतिक रिश्ता है। इसे राजनीतिक रूप से ज्यादा तूल देना उचित नहीं। उन्होंने कहा भूपेंद्र चौधरी ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के अंदर जो भी मतभेद हैं, वह पार्टी स्वयं सुलझाएगी। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा अलग है और पार्टी ने कभी भी बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन नहीं किया। भाजपा एक विचारधारा पर चलने वाला संगठन है। हमारा जो संकल्प है, वह जनसेवा और राष्ट्रहित का है। देश की जनता ने हमें भरोसा दिया है, और हम उस भरोसे को निभा रहे हैं
बिहार में सीट बंटवारे और गठबंधन की स्थिति पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एनडीए गठबंधन पहले की तरह मजबूत है। नितीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में जो विकास हुआ है, वह पिछले 20 साल के परिवर्तन का परिणाम है। पहले वहां जंगलराज था, दंगे और हिंसा होती थी। अब बिहार कानून व्यवस्था और विकास में आगे बढ़ चुका है। भूपेंद्र चौधरी ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में एनडीए को एक बार फिर से बिहार की जनता का आशीर्वाद मिलेगा। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि विपक्षी दल जनता को झूठे वादों से गुमराह करते हैं कांग्रेस ने कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना में जो वादे किए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए। जनता को भ्रमित करने वाली राजनीति अब नहीं चलेगी। भाजपा जो वादा करती है, उसे निभाती है।
उत्तर प्रदेश में 48 घंटे में पुलिस द्वारा किए गए 24 एनकाउंटरों पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यह सरकार की कानून व्यवस्था के प्रति सख्त नीति का परिणाम है। जो अपराधी समाज में गंदा माहौल बना रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। योगी सरकार कानून व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं करेगी। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा की सरकार जात-पात धर्म या क्षेत्र के आधार पर नहीं, बल्कि हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत। और उत्तर प्रदेश उस दिशा में सबसे आगे बढ़ रहा है।
मुरादाबाद में भूपेंद्र चौधरी के दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। PWD गेस्ट हाउस में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की बैठक में कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए और कहा कि भाजपा का लक्ष्य हर बूथ तक संगठन को मजबूत करना है। गेस्ट हाउस के बाहर घंटों तक मोदी-योगी जिंदाबाद और भूपेंद्र चौधरी अमर रहें के नारे गूंजते रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए। भूपेंद्र चौधरी के इस दौरे को लेकर पूरे मुरादाबाद में राजनीतिक हलचल तेज रही।
