भोजपुरी सिनेमा के मशहूर गायक पवन सिंह ने विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है. उनका कहना है कि चुनाव लड़ने के लिए वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल नहीं हुए हैं.
चुनाव नहीं लड़ने के कयासों पर विराम लगाते हुए एक्टर पवन सिंह सोशल मीडिया X पर अपने पोस्ट में कहा, “मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और ना हीं मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है. मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा.”
पवन सिंह का नया ऐलान ऐसे समय आया है जब उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने कल शुक्रवार को राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने और जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से शेखपुरा स्थित उनके आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात को लेकर ज्योति सिंह ने कहा कि मुलाकात के पीछ उनका चुनावी मकसद नहीं है.
प्रशांत किशोर से मुलाकात के बाद ज्योति सिंह ने कहा, “मैं किसी चुनाव में भाग लेने या टिकट के लिए नहीं आई हूं. मेरे साथ जिस तरह का अन्याय हुआ है, वह किसी और महिला के साथ न हो. मैं उन सभी महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं जो अन्याय का सामना कर रही हैं.” उनका कहना था कि वह समाज में महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए काम करना चाहती हैं. इसी मकसद से वह प्रशांत किशोर से मिलने आई थीं.
वहीं प्रशांत किशोर का कहना था कि ज्योति सिंह 2 साल पहले भी अपने कुछ साथियों के साथ उनसे मिली थीं. साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया, “जनसुराज पार्टी किसी खास के लिए अपने नियमों में बदलाव नहीं करती. आरा क्षेत्र से पहले ही डॉक्टर विजय गुप्ता पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं, और इसमें अब कोई बदलाव नहीं होगा.”
