रायबरेली के ऊंचाहार में फतेहपुर निवासी दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या का मामला राजनीतिक रंग लेता जा रहा है. मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार को हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलने उनके फतेहपुर स्थित घर जाने वाले थे. उनको पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय पर रोक लिया. इस दौरान पुलिस से कांग्रेसियों की झड़प हुई, जमकर नारेबाजी हुई. सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उसको रोकने के लिए सुबह से कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात था.
शुक्रवार को रायबरेली से गए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को हरिओम वाल्मीकि के परिवार को आर्थिक सहयोग देने जाने से पुलिस ने रोक दिया था, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने खुद पीड़ित परिवार से मिलने जाने की घोषणा की थी. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के फतेहपुर जाने की सूचना पर पुलिस प्रशासन पीजीआई थाना अंतर्गत वृंदावन योजना स्थित उनके आवास पर उन्हें रोकने की तैयारी में जुटा था. इसकी सूचना मिलते ही अजय राय सुबह-सुबह ही लोगों के साथ आवास से निकलकर प्रदेश कार्यालय पहुंच गए और कार्यालय में बैठ गए.
