उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा भी आ रहा है। नगर निगम की टीम सोमवार सुबह कार्रवाई के लिए पहुंची, जिसके बाद मौके पर विरोध तेज हो गया।
मस्जिद के हिस्से को हटाए जाने की कार्रवाई का स्थानीय मुस्लिम समाज पिछले दो दिनों से विरोध कर रहा है। रविवार रात जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और देर रात तक विरोध चलता रहा।
सोमवार सुबह एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हुए। इसी दौरान पथराव की घटना सामने आई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लोगों को वहां से हटाया। लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान महिला टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है।
टंकी चौराहे पर भी जुटी भीड़
टंकी चौराहे के आसपास भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। पुलिस ने मस्जिद परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश की। वहीं, शाही मस्जिद के हिस्से को हटाए जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है। उज्जैन के आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भासेन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
कानून-व्यवस्था संभालने के लिए शहर में करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें RAF और STF के जवान भी शामिल हैं। प्रशासन की ओर से शहर काजी खलीकुर्रहमान समेत समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत भी की गई है।
हाईकोर्ट में भी मामला लंबित
शाही मस्जिद को सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित किए जाने को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। एकलपीठ से याचिका खारिज होने के बाद मामले में युगलपीठ के सामने अपील की गई है। सोमवार को इस मामले में सुनवाई प्रस्तावित बताई गई है।
मस्जिद के इमाम मोहम्मद इब्राहिम ने धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई पर पुनर्विचार की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की मौजूदगी में इलाके में तनाव बना हुआ है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
