मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा ने 02 अक्टूबर 2026 को ग्राम सभाओं में “सबकी योजना – सबका विकास” थीम के साथ आयोजित होने वाले ‘रिफॉर्म उत्सव’ को पीपुल्स प्लान कैंपेन (पीपीसी) के साथ एकीकृत करते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाएं ग्रामीण नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने, उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों को जानने तथा शासन की सुधारात्मक पहलों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 02 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली ग्राम सभा की बैठक में ‘रिफॉर्म उत्सव’ के माध्यम से विभिन्न विभागों की सुधारात्मक पहलों, योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की जानकारी सरल, स्पष्ट एवं स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा पम्पलेट, पोस्टर, आईईसी सामग्री, लघु वीडियो एवं अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्रता एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी मिल सके। विभागीय अधिकारी ग्राम सभा में प्रतिभाग कर अपने विभाग की प्रमुख योजनाओं एवं सुधारात्मक पहलों की जानकारी देने के साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को भी संज्ञान में लें।
ग्रामीणों की आवश्यकताओं को जीपीडीपी से जोड़ा जाए
जिलाधिकारी श्री अनुनय झा ने कहा कि ग्राम सभा की बैठकों के दौरान ग्रामीणों की स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं की पहचान कर उन्हें ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में शामिल किया जाए। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के साथ आवश्यकतानुसार कन्वर्जेंस सुनिश्चित किया जाए, जिससे उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को प्रभावी गति दी जा सके।
उन्होंने संबंधित विभागों के जनपद एवं विकास खण्ड स्तरीय नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ग्राम सभाओं में उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जनसमस्याओं एवं सुझावों को भी सुनें और उनके यथासंभव समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अभिलेखीकरण एवं प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों का समुचित अभिलेखीकरण कराने के निर्देश दिए। ग्राम सभा में हुई जनभागीदारी, प्राप्त सुझावों तथा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के फोटोग्राफ एवं वीडियो सहित आवश्यक अभिलेख सुरक्षित रखे जाएं तथा सोशल मीडिया एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए कार्यक्रम की गतिविधियों एवं सुधारात्मक पहलों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 02 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में ‘रिफॉर्म उत्सव’ को पीपुल्स प्लान कैंपेन के साथ प्रभावी रूप से एकीकृत करते हुए कार्यक्रमों का सफल आयोजन कराएं तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित कराएं@शांतनु/INN
