बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की ओर से सोमवार (13 अक्टूबर, 2025) को प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी गई. इस मौके पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी मौजूद रहे. जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती उपस्थित रहे. दूसरी लिस्ट में 65 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई.
दूसरी लिस्ट में प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए बताया गया कि भागलपुर से अभयकांत झा उम्मीदवार होंगे. डॉ. शाहनवाज बड़हरिया सीट से प्रत्याशी होंगे. शिवहर से नीरज सिंह, नरकटिया से लाल बाबू यादव, कल्याणपुर से मंतोष सहनी, संदेश से राजीव रंजन सिंह, बाजपट्टी से आजम अनवर हुसैन, हरलाखी से रत्नेश्वर ठाकुर, नरपतगंज से जनार्दन यादव, इस्लामपुर से तनुजा कुमारी को प्रत्याशी बनाया गया है.
दूसरी ओर इस लिस्ट में ध्यान देने वाली बात है कि इसमें जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का नाम नहीं है. राघोपुर सीट को अभी खाली छोड़ा गया है. माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर इस सीट से लड़ सकते हैं. पहली लिस्ट में 51 और दूसरी लिस्ट में 65 नाम के साथ अब तक कुल 116 सीटों से प्रत्याशियों के नाम का ऐलान हो चुका है. अब तक कुल 116 प्रत्याशियों की सूची में 25 रिजर्व हैं.
