सरकार ने ओपी सिंह को राज्य का कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया है. मौजूदा डीजीपी शत्रुजीत कपूर के अवकाश पर भेजे जाने के बाद यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है. ओपी सिंह को एक अनुभवी और सख्त पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता है. उनकी नियुक्ति को लेकर पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है. बता दें कि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीडीपी) शत्रुजीत कपूर को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी की आत्महत्या के मामले को लेकर अवकाश पर भेजा गया है. चंडीगढ़ पुलिस ने हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पुरन कुमार द्वारा छोड़े गए नोट के आधार पर एफआईआर दर्ज की है.
इस एफआईआर के कुछ घंटे बाद ही पुरन कुमार की पत्नी और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार ने मुख्यमंत्री नयाब सिंह सैनी से एफआईआर दर्ज कराने और उनके पति द्वारा फाइनल नोट में नामित अधिकारियों के निलंबन और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था. अभी तक पुरन कुमार की पत्नी ने उनके शव का पोस्टमार्टम कराने की अनुमति नहीं दी है, उनका कहना है कि हरियाणा के शक्तिशाली और उच्च पदस्थ अधिकारी इस मामले में शामिल हैं. आठ दिन बीत जाने के बाद भी शव मुर्दाघर में रखा हुआ है.
